मैट्रो प्लस से नवीन गुप्ता की रिपोर्ट।
बल्लभगढ़, 11 मार्च:
वस्त्र व्यापार मंडल ने शहर के एक निजी कॉलेज के प्रांगण में होली मिलन समारोह कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा व विधायक नरेंद्र गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वस्त्र व्यापार मंडल के प्रधान संजय गुप्ता व मंडल के महासचिव प्रदीप मंगला ने आए हुए अतिथियों को चंदन का टीका लगाकर और सम्मान का प्रतीक शॉल भेंटकर उनका स्वागत किया। इस होली मिलन समारोह में संस्था के द्वारा कैमिकल रंगों को वर्जित किया गया व सभी व्यापारियों को चंदन का टीका लगाकर और रंग-बिरंगे फूलों की होली खेलकर कार्यक्रम को शोभायमान किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि आये मूलचंद शर्मा ने सभी व्यापारियों को होली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चार राज्यों में भाजपा की सरकार आने से यह बात साबित हो जाती है कि आमजन भाजपा की कार्यशैली से बहुत खुश है। इसीलिए भारत की जनता चाहती है कि हर प्रदेश में भाजपा की सरकार बने व उस प्रदेश का विकास हो। उन्होंने कहा कि देश को चलाने के लिए व्यापारियों का बहुत बड़ा योगदान रहता है और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी हमेशा व्यपारियों की समस्याओं को सुलझाने में लगे रहते है और हर व्यापारी को एक बेहतर व्यापार करने के लिए अच्छी कार्यशैली पर कार्य करते रहते है।
वस्त्र व्यापार मंडल के प्रधान संजय गुप्ता ने कार्यक्रम में आये अतिथियों के समक्ष व्यपारियों की समस्याओं को रखते हुए कहा कि बल्लभगढ़ का व्यापार करीब 5 साल पीछे चला गया है जिसका मुख्य कारण यातायात की अव्यवस्था का होना है। सेक्टर के ग्राहक या दूसरे प्रदेश से निजी कंपनियों में कार्य करने आये युवा बल्लभगढ़ बाजार में खरीदारी करने आना पसंद नही करते क्योंकि उन्हें जाम से निजात नही मिलता, गाड़ी पार्क करने के सुविधा नही मिलती।
उन्होंने कहा कि मंत्री जी इस समस्या पर ध्यान दें व इस समस्या से व्यापारी वर्ग को निजात दिलाएं। उन्होंने कहा कि बाजार की दुकानों पर घर के एक या दो सदस्य की कार्य करते हैं और उनको आराम करने के लिए व कहीं आने जाने के लिए कोई भी छुट्टी नही मिल पाती। बल्लभगढ़ में व्यापारियों के अलग-अलग संगठन है इसलिए छुट्टी के लिए कभी भी सभी संगठन एक साथ एक मत नहीं हो पाते। इसलिए मंत्री जी व विधायक जी से आग्रह है कि सभी को एक मत करके हर महीने में एक छुट्टी कराई जाए।
इस होली मिलन समारोह में आंसू चावला, राजीव गोयल, विजय आर्य, विजय विरमानी, राजेन्द्र ब्रेजक, संजीव, नवल आर्य, विजय सिंगला,सीताराम, संदीप मंगला आदि व्यपारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *