कांग्रेस शासनकाल में भी छेड़ा था सुमित गौड़ ने ऐसा ही अभियान
मैट्रो प्लस
फरीदाबाद, 23 जुलाई (महेश गुप्ता): प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव सुमित गौड़ ने एक बार फिर शहर में लगे गंदगी के ढेरों और टूटी-फुटी सड़कों की समस्याओं को लेकर होर्डिंग वार छेड़ते हुए पूरे शहर को होर्डिंग्स से पाट दिया है। ध्यान रहे कि इससे पहले भी अपनी ही कांग्रेस पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार में कांग्रेस पार्टी के ही तत्कालीन विधायक आनन्द कौशिक के खिलाफ भी ऐसी ही मुहिम छेड़ी थी। जिसके बाद की प्रशासन की नींद जागी थी और शहर में विकास कार्य शुरू हुए थे। और अब एक बार लोगों की आवाज को उठाते हुए सुमित गौड़ ने अपना यह अभियान छेड़ा है।
गौरतलब रहे कि स्मार्ट सिटी घोषित होने के बाद भी फरीदाबाद में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए है, वहीं सड़कों पर बारिश के बाद पड़ी मिट्टी के चलते पूरा शहर धूल का शहर बन गया है। विपक्षियों ने अब सरकार को घेरने के लिए जगह-जगह होर्डिंग वार तक शुरू कर दिए है। कांग्रेसियों ने जहां-जहां गंदगी के ढेर व सडकें टूटी पडी है, वहां-वहां पर नेता मस्त, जनता त्रस्त का नारा देकर होर्डिंग लगा दिए है। यह होर्डिंग शहर में चर्चा का विषय बन गए है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव सुमित गौड़ ने तो जनसमस्याओं को लेकर होर्डिंग बार शुरू कर भाजपा सरकार के खिलाफ संघर्ष का बिगुल फूंक दिया है।
सुमित गौड़ ने पूरे लोकसभा क्षेत्र में होर्डिंगों के माध्यम से भाजपा सरकार व प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कहा कि वह जनता की बदौलत कुर्सी तक पहुंचे है और आज जनता की ही समस्याओं को दूर करने में ढुलमुल रवैया अपना रहे है। उन्होंने कहा कि आज फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र के लोग टूटी सड़कें, ओवरफ्लो सीवरेज, पेयजल किल्लत, लचर बिजली व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं से त्रस्त है, जो भाजपा नेताओं व अधिकारियों को आईना दिखाने का काम कर रहे है। उन्होंने कहा कि पिछले चार दिन पूर्व हुई बरसात के चलते फरीदाबाद जिला जहां पूरी तरह से जलमग्र हो गया था वहीं चार दिन बीतने के बाद भी कई-कई जगहों पर अभी भी जलभराव की समस्या बनी हुई है परंतु सरकार के जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी लोगों की सुध नहीं ले रहे है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार स्मार्ट सिटी के नाम पर लोगों को झूठे सब्जबाग दिखाने काम कर रही है और लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ किया जा रहा है और भाजपा के विधायक व मंत्री केवल अपने स्वार्थ की राजनीति कर रहे है। श्री गौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार जनआकांक्षाओं पर पूरी तरह से फेल साबित हुई है और सरकार के खिलाफ जनता में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि जल्द ही वह जनता की समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे और सड़कों पर उतरकर सरकार की ईट से ईट बजा देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *