मैट्रो प्लस
कुरूक्षेत्र, 25 जुलाई (नवीन गुप्ता): हरियाणा के नवनियुक्त उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री विपुल गोयल का कहना है कि हरियाणा के सभी बीमार उद्योग धंधों को नया जीवन दान देने की योजना पर काम किया जाएगा। इतना ही नहीं हरियाणा में नए उद्योग स्थापित करने के लिए एनओसी की प्रक्रिया को भी सरल किया जाएगा और हैपनिंग हरियाणा के तहत निवेश के लिए आए 5.95 हजार करोड़ के प्रोजैक्ट पर भी तेेजी से कार्य किया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल रविवार को सुबह सैक्टर-7 में विधायक सुभाष सुधा के निवास में आयोजित सम्मान समारोह के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले थानेसर विधायक सुभाष सुधाए नगर परिषद की अध्यक्षा उमा सुधा, उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह छिंदा, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष आत्मप्रकाश मनचंदा, भाजपा के जिला अध्यक्ष धर्मबीर मिर्जापुर, भाजपा के युवा नेता साहिल सुधा, रमेश सुधा, मुकुंद सुधा सहित सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल का पुष्प भेंट कर स्वागत किया और विधायक सुभाष सुधा ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने जिन तीन विभागों की जिम्मेवारी सौंपी है उन विभागों का गहनता से अध्ययन किया जाएगा। इसके पश्चात विभागों में सुधार किया जाएगा। राज्य सरकार ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का जो लक्ष्य निर्धारित किया है उस लक्ष्य को जहन में रखकर काम किया जाएगा। प्रदेश में कृषि क्षेत्र व उद्योग क्षेत्र में नए सिरे से काम कर नए आयाम स्थापित करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तकनीकी शिक्षा पर पूरा फोकस रखा जाएगा ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को साकार करने के लिए रोजगार के अवसर पैदा किए जा सके और युवाओं को तकनीकी रुप से कुशल बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में भौगोलिक व वास्तुस्थिति को देखकर और पूरी तरह से आंकलन करके ही उद्योग स्थापित किए जाएंगे। एक सवाल का जबाब देते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हैपनिंग हरियाणा कार्यक्रम के तहत विभिन्न देशों से करीब 5.95 हजार करोड़ रुपए के निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। इन सभी प्रस्तावों को अमलीजामा पहनाया जाएगा। इस पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नए उद्योग स्थापित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा एनओसी की प्रक्रिया को भी सरल किया जाएगा और सरकार की तरफ से हर प्रकार की उच्चस्तरीय सुविधाएं मुहैया करवाई जाएगी।
कैबिनेट मंत्री ने एक प्रश्न का जबाब देते हुए कहा कि थानेसर विधायक सुभाष सुधा हलका के विकास के लिए दिन रात कार्य कर रहे है। इस हलका की तरफ से विधायक द्वारा कुरुक्षेत्र में जो भी उद्योग स्थापित करने का प्रस्ताव भेजा जाएगा उस पर मोहर लगा दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कुरुक्षेत्र में उद्योग लगाने के लिए वरियता दी जाएगी। इस शहर के लिए जो भी उद्योग उपयुक्त हुआ उस उद्योग लगाने का काम किया जाएगा।
थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि शहर के व्यापारियों से चर्चा कर हलका में उद्योग स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। इस मौके पर डा०् शकुंतला शर्मा, पार्षद विशाल शर्मा, राधेश्याम वधवा, सुशील राणा, रामकुमार रंबा, रामरत्न गुर्जर, ब्लाक समिति के प्रधान देवीलाल, जितेंद्र ढींगड़ा, प्रसिद्व व्यापारी ज्वैलर सिंगला, खरैतीलाल सिंगला, विनित बजाज, विनित क्वात्रा, कर्ण सिंह राणा, अमित रोहिला, गुरदयाल सिंह काजल, दीपक सिडाना, मोहनलाल अरोड़ा, दरबारा सिंह, सोमनाथ खेड़ी मारकंडा, हरदीप सिंह, यशपाल नारंग, बलबीर सिंह,लक्ष्मीकांत सहित अन्य कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *