जगदीश भाटिया ने कसा अपनी सरकार के खिलाफ शिकंजा, विधायक लगे हैं मंत्री व मुख्यमंत्री की चमचागिरी मारने में
फरीदाबाद में प्रशासन और प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज दिखाई नहीं दे रही है
कांग्रेस ने फरीदाबाद को फकीराबाद और भाजपा ने कचराबाद बना दिया: भाटिया
मैट्रो प्लस
फरीदाबाद, 13 सितंबर (नवीन गुप्ता): व्यापार मंडल के प्रधान एवं वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश भाटिया ने कहा है कि कांग्रेसराज में फरीदाबाद फकीराबाद बन गया था और भाजपा की सरकार में फरीदाबाद कचराबाद बन गया है। शहर में फैली बे-हताशा गंदगी की वजह से महामारी फैल रही है। लोग डॉक्टरों के यहां अस्पतालों में लंबी लाईन लगाकर खड़े हैं, मगर भाजपा सरकार, जिला प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारियों को इससे कोई लेना देना नहीं है। गंदगी की वजह से फैली बीमारी ने पूरे फरीदाबाद को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया व वायरल की चपेट में ले लिया है, लेकिन हैरत की बात है कि महामारी से पीडि़त जनता की आवाज सुनने वाला कोई नहीं है।
भाजपा नेता श्री भाटिया ने कहा कि सत्ता में आने से पहले तक भाजपा जनता की समस्या की बात करती थी, मगर आज सत्ता में आने के बाद इन भाजपा नेताओं ने भी जनता से मुंह मोड़ लिया है। एक ओर फरीदाबाद की जनता त्राहि-त्राहि कर रही है, दूसरी ओर भाजपा के नेता सत्ता के नशे में चूर होकर फाईव स्टार होटल राजहंस में मजे लूट रहे हैं। फरीदाबाद में प्रशासन नाम की कोई चीज दिखाई नहीं देती, मगर प्रदेश में भी सरकार नाम की कोई चीज दिखाई नहीं दे रही है।
अधिकारी व प्रशासन के अधिकारी इस सरकार की लुटिया डुबोने का काम कर रहे हैं और सब कुछ जानते हुए भी विधायक, मंत्री व केंद्र सरकार के मंत्री अपनी लुटिया डूबवा रहे हैं। हैरत की बात है कि एक ओर फरीदाबाद में जनता भाजपा सरकार को कोस रही है तो दूसरी ओर फरीदाबाद के ही फाईव स्टार होटल राजहंस में सत्ताधारी नेता मौज मस्ती मार रहे हैं। भाजपा सरकार का पूरा कल्चर ही बदल गया है। कार्यकर्ता व पदाधिकारी की आवाज सरकार के कानों तक नहीं पहुंच रही है, दुर्भाग्य की बात है कि विपक्ष में रहकर लोगों के लिए संघर्ष करने वाले भाजपा नेता अब ऐसी व सुख सुविधा की राजनीति करने में मगन हैं। विधायक भी लोगों की समस्याओं को देखने व सुनने की बजाए मंत्री व मुख्यमंत्री की चमचागिरी में लगे हैं। चारों ओर अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया है। लेकिन सच्चाई देखने व सुनने की हिम्मत अब सत्ताधारी भाजपाईयों को नहीं है। लोगों की समस्याओं की ओर से सभी ने अपनी नजरें फेर ली है।
वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश भाटिया ने कहा कि यदि जल्द ही सरकार व जिला प्रशासन ने जनता की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया। सड़कें व सफाई व्यवस्था को दुरूस्त नहीं किया तो वह फरीदाबाद से आंदोलन की शुरूआत करने में कोताही नहीं बरतेंगे। वह भाजपा के सच्चे व अनुशासित सिपाही हैं। इसलिए समय रहते पार्टी व सरकार को आगाह करना चाहते हैं, नहीं तो वह दिन भी दूर नहीं है, जब देश व प्रदेश की जनता भाजपा का सूपड़ा साफ कर देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *