मैट्रो प्लस
फरीदाबाद, 18 जून (महेश गुप्ता): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि 21 जून 2016 एक उत्सव का दिन है और सभी प्रदेशवासी इसे योग उत्सव के तौर पर मनाए। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से यह आह्वान हुडा ग्राउंड योग ऋषि स्वामी रामदेव के सान्निध्य में चल रहे विशाल नि:शुल्क योग चिकित्सा एवं ध्यान शिविर के अवसर पर किया। पांच दिवसीय इस कार्यक्रम के दूसरे दिन मुख्यमंत्री शिविर में शामिल हुए और स्वामी रामदेव के साथ योगाभ्यास किया।
श्री मनोहर लाल ने अपने संबोधन में योग के प्रसार योग के अभ्यास व विश्व स्तर पर योग को प्रसिद्धि दिलाने का श्रेय स्वामी रामदेव को देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने दो वर्ष पहले संयुक्त राष्ट्र संघ यूएनओं में योग को समर्पित एक दिन का प्रस्ताव रखा था। यूएनओं में यह प्रस्ताव न केवल पारित हुआ बल्कि दुनिया भर मे 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के तौर पर मनाने का निर्णय लिया। दुनिया के 177 देश योग के लिए आगे आए। उन्होंने बताया कि इस बार 21 जून को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी चण्डीगढ़ में योगााभ्यास करेंगे। उनके साथ हरियाणा के 31 हजार साधक भी कार्यक्रम में भागीदारी करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग साधना भारत की प्राचीन धरोहर है और दुनिया भर में यह हमारी सांस्कृतिक पहचान भी है। योग से शरीर तो निरोग बनता ही है बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा के बीच एक समन्वय भी स्थापित होता है। जिससे जीवन का आनंद बढ़ता है। उन्होंने कहा कि शरीर के साथ मन भी स्वस्थ होने से तनाव से मुक्ति मिलती है। जीवन में व्यस्नों को समाप्त करने का भी यह अनूठा तरीका है। उन्होंने शिविर में उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि योगाभ्यास केवल शिविर में भागीदारी करने से नहीं बल्कि इसे हम सबको अपनी दैनिक क्रिया में शामिल करना चाहिए। हरियाणा में इस बार योग दिवस पर ग्राम से लेकर उपमंडल व जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। हम सबको इनमें शामिल होना चाहिए।
शिविर में पहुंचने पर स्वामी रामदेव ने हरियाणा के मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को संत की संज्ञा देते हुए उन्हें 18 घण्टे काम करने वाला कर्मयोगी बताया। योगाभ्यास की सरल शब्दों में व्याख्या करते हुए कहा कि जिम में जाकर अभ्यास करने की तुलना में योगाभ्यास अधिक लाभदायक है। जिम में जाने से केवल शरीर स्वस्थ होता लेकिन योगाभ्यास करने से शरीर के साथ-साथ मन और आत्मा भी स्वस्थ बनते हैं। उन्होंने बताया कि नियमित योग करने से विभिन्न बीमारियों से बचा जा सकता है। साथ ही अनावश्यक दवाएं व सर्जरी को भी टाला जा सकता है। उन्होंने कार्यक्रम में लोगों से स्वदेशी उत्पादों का इस्तेमाल कर देश को मजबूत बनाने की बात भी कही। शिविर में योगाभ्यास के साथ-साथ धार्मिक व देशभक्ति से ओत-प्रोत भजनों का भी साधकों ने लाभ उठाया। कार्यक्रम में फरीदाबाद के गणमान्य लोगों ने मुख्यमंत्री का बुके भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष एडवोकेट गोपाल शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष अजय गौड़, जिला सचिव संजीव भाटी के साथ ही पतंजलि व भारत स्वाभिमान ट्रस्ट आदि संस्थाओं के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
आचार्यकुलम से लिए सात सौ बीघा जमीन
दूसरे दिन के कार्यक्रम में फरीदाबाद के राजनाथ योगी ने स्वामी रामदेव के आह्वान पर आचार्यकुलम् बनाने के लिए सात सौ बीघा जमीन देने का प्रस्ताव दिया। मंच पर मुख्यमंत्री की उपस्थिति में स्वामी रामदेव ने राजनाथ योगी के संचालन में चल रही गौशाला के लिए प्रशंसा भी की। उन्होंने कहा कि स्वदेशी के बाद अब वे समाज में संस्कार पैदा करने के लिए शिक्षा के क्षेत्र में काम करने जा रहे है। हरियाणा के हर जिले में आचार्यकुलम खोले जाएंगे।

KRM_4498

KRM_4536

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *