Metro Plus के लिए Naveen Gupta की रिपोर्ट।
पलवल, 6 मई:
भाजपा को उस समय करारा झटका लगा जब पलवल जिले में पूर्व विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता सुभाष चौधरी ने एक बड़ी महापंचायत का आयोजन कर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व केबिनेट मंत्री चौ. महेन्द्र प्रताप सिंह को हजारों लोगों की उपस्थिति में अपने खुले समर्थन का ऐलान कर दिया। पलवल के सांची ग्रीन में रविवार को आयोजित इस महापंचायत में मिले समर्थन से कांग्रेस प्रत्याशी महेन्द्र प्रताप सिंह को जिले में बड़ी राजनैतिक ताकत मिली है। महापंचायत की अध्यक्षता पतराम चौहान मित्रोल ने की, वहीं महापंचायत को जिले की विभिन्न पालों से आए पंचों ने भी संबोधित किया।

महापंचायत में भाजपा के पूर्व विधायक सुभाष चौधरी ने भाजपा प्रत्याशी कृष्णपाल गुर्जर पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि कृष्णपाल ने सिर्फ भ्रष्टाचार किया है, जनहित में कोई काम नहीं किया। इससे पूरे लोकसभा क्षेत्र की जनता इनसे परेशान है। इसलिए उन्होंने भी कांग्रेस प्रत्याशी का समर्थन किया है। उन्होंने उपस्थित जनता से दोनों हाथ उठवाकर दावा किया कि इस बार पलवल जिले से भाजपा प्रत्याशी को हराकर कांग्रेस प्रत्याशी महेन्द्र प्रताप सिंह को बडे बहुमत से विजयी बनाकर संसद में भेजेंगे।

इस मौके पर कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि आज भाजपा प्रत्याशी निराश व हताश हैं, क्योंकि अब मोदी के नाम से भी वोट नहीं मिल रहे हैं। भाजपा के जुमले इस चुनाव में नहीं चल रहे हैं। जनता इनके जुमलों को अच्छी तरह जान चुकी है और जनता बदलाव का मन बना चुकी है। कांग्रेस के कई नेताओं को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक परिवार है, सभी एक साथ चुनाव लड़ रहे हैं कोई उनसे अलग नहीं है।

महेंद्र प्रताप सिंह ने भाजपा प्रत्याशी गुर्जर पर निशाना साधते हुए कहा कि आखिर कब तक वह मोदी का दिया हुआ खाते रहेंगे। कभी जनता के बीच अपने किये हुए कार्यों पर वोट मांगकर दिखाएं। पिछले 10 वर्षों में इनकी कोई भी गारंटी पास नहीं हुई है, सब फेल हैं। भाजपा के 400 पार के नारे पर उन्होंने कहा कि इस तरह के नारों से जनता को यह भ्रमित कर रहे हैं। बंगाल में इन्होंने 200 पार का नारा दिया, लेकिन 78 सीट ही आ पाई। इसी तरह से हरियाणा में 75 पार का नारा फेल हो गया था और मात्र 40 सीटें आई। अब जनता इनके 400 पार के नारे को फेल करने का पूरा मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में कांग्रेस 7 से 8 सीट जीत रही है। उन्होंने कहा कांग्रेस की टिकट भले ही देरी से मिली हो, लेकिन जनता उनका प्रचार खुद लंबे समय से कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *