मैट्रो प्लस से नवीन गुप्ता की रिपोर्ट।
पृथला, 11 मार्च: हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) ने पृथला, पलवल से रेणू तंवर को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस की आवाज बुलंद करने के लिए प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया है। रेणू तंवर कांग्रेस के तेजतर्रार नेता राकेश तंवर की धर्मपत्नी हैं और सामाजिक कार्यों में महिला किसानों के लिए कार्य करती आई हैं।
प्रशासनिक सेवाओं की विशेषज्ञ और राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय शासन प्रक्रिया विषयों की जानकार रेणू तंवर पिछले 10 सालों से महिलाओं के लिए जागरूकता और बेसिक एजुकेशन के लिए काम कर रही हैं।
हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा लगातार आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं और नए-नई नेताओं को प्रोत्साहन दे रही हैं।
हरियाणा कांग्रेस में पिछले 3 सालों में कई उर्जावान नेताओं को पद दिए हैं, जिससे कांग्रेस संगठन के सभी पदों के दरवाजे हरियाणा के जमीनी और कर्मठ कार्यकर्ताओं के लिए खोल दिए गए है। जो कार्यकर्त्ता स्वप्रेरणा से उत्साहपूर्वक संगठन के लिए कार्य कर रहे हैं, उन्हें संगठन में हमेशा सम्मान मिलता आया है और अब अधिक विस्तृत पैमाने पर कार्यकर्ताओं को संगठन में जिम्मेदारी दी जाएगीI
मैट्रो प्लस से बातचीत में रेणू तंवर ने कहा कि उनके जैसी साधारण महिला को बहन सैलजा ने जिस सम्मान के साथ कांग्रेस संगठन में स्थान दिया है, इससे आप समझ सकते हैं कि हरियाणा जो पूरे देश में एक अलग तरह का ताना बाना संजोये हुए है, जहाँ की रीति रिवाज और संस्कृति को सहेजने की जिम्मेदारी हरियाणा की महिलाओं ने निभाई है, इन महिलाओं के लिए उन्नति के अवसर बहुत सीमित ही मिल पाते हैं, जो अब हमें ओपन टू आल किया है। इसी विचार को बहन सैलजा ने सुना और पूरे समर्थन से आगे लाने का निर्देश दियाI
ध्यान रहे कि कुमारी सैलजा ने 3 साल पहले हरियाणा कांग्रेस की कमान संभाली थी और इसमें कोई दो राय नही होगी कि कांग्रेस को घर-घर ले जाने के लिए मजबूती से काम कर रही हैं। हर रोज कार्यकर्ताओं से मिलना, हर रोज प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं और नेताओं के घर जाना, सैलजा कुमारी की दिनचर्या का हिस्सा है। इससे कांग्रेस संगठन में मजबूती आई है। बड़े पद पर बैठे नेताओं का घर तक जाना कांग्रेस के निष्क्रिय नेताओं को संदेश दिया है कि कार्यकर्त्ता ही संगठन की शक्ति हैं, इसलिए कार्यकर्ताओं का सम्मान निर्बाध जारी है।
एक और महिला को प्रदेश स्तर का पद देकर कुमारी सैलजा ने महिलाओं की बड़ी भूमिका का संदेश दिया है। रेनू तंवर को कांग्रेस के मुद्दों को जनता के बीच ले जाने और जनता की समस्याओं को शासन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है।
अब देखना ये है कि वर्तमान स्थिति में महिलाओं को आगे लाने की रणनीति पर कांग्रेस किस हद तक जनता का समर्थन लेने में सफल हो पाती हैI

