सोनिया शर्मा
फरीदाबाद, 14 अगस्त: बल्लभगढ़ के राजा नाहर सिंह महल में पर्यटन विभाग द्वारा संचलित मयखाने के खिलाफ आज जिले के कांग्रेसियों ने पंचायत भवन पर एक दिवसीय धरना दिया। धरने का आयोजन राजा नाहर सिंह सोसायटी एवं राजा नाहर सिंह के प्रपौत्र सुनील तेवतिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा० अशोक तंवर बतौर मुख्य अतिथि थे। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस की तरफ से इस धरने को समर्थन भी दिया। मयखाने को हटाने के लिए एसडीएम बल्लभगढ़ के मार्फत राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी दिया गया।
उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा० अशोक तंवर ने कहा है कि आज हम अमर शहीदों द्वारा दी गई कुर्बानियों की बदौलत ही आजादी के माहौल में सांस ले रहे है तथा शहीदों का अपमान कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेंगी। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकार के कार्यकाल के दौरान भी राजा नाहर सिंह महल से मयखाना हटाकर म्यूजियम बनाने की मांग की गई थी किन्तु ऐसा हो नहीं सका। जिसका उन्हें खेद है और अब संघर्ष के रास्ते पर चलकर मयखाने को हटवाने का प्रण लेते है।
तंवर ने कहा कि भाजपा अपने आपको संस्कारों से युक्त पार्टी होने का प्रचार करती है तथा भाजपा को चाहिए कि वह यहां से मयखाने को हटाकर इस महल को म्यूजियम का रूप दें। जिससे कि क्षेत्र की युवा पीढ़ी अमर शहीद राजा नाहर सिंह के बलिदान से जुड़ी जानकारियां हासिल कर सकें। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लाल किले से लेकर आगरा के ताजमहल की धरोहरों तक ऐसा पहला यह महल है जहां पर की मयखाने का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा अगर सही मायने में शहीदों का सम्मान करती है। सरकार इस मयखाने को कल यहां से हटा देती हैं तो सही मायने में शहीदों को श्रद्धांजलि होगी। तंवर ने राजा नाहर सिंह महल से मयखाने को हटाएं जाने तक लम्बे संघर्ष का ऐलान भी आज इस मंच से किया।
युवा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव प्रदीप जेलदार ने पूर्व की सरकार पर इस मंच से हमला बोल डाला। उन्होंने कहा कि इस मयखाने को हटाने के लिए पूर्व की सरकार से भी मांग की गई थी किन्तु यह अलग बात रही कि मयखाना नहीं हट सका। जिसका खामियाजा आज सत्ता से बेदखल होने के रूप में भुगता जा रहा है। जबकि वे लोग स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान करने की बात करते नहीं थकते थे।
इस महल से मयखाने को हटाने के लिए लम्बे संघर्ष की जरूरत पड़ी तो उससे भी पीछे नहीं हटेगें। धरने पर मौजूद लोगों को राजा नाहर सिंह के प्रपौत्र सुनील तेवतिया व किसान नेता सतबीर डागर ने भी सम्बोधित किया।
इस मौके पर युवा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव प्रदीप जेलदार, कांग्रेस के निर्वतमान जिलाध्यक्ष बीआर ओझा, पूर्व विधायक आनन्द कौशिक, कांग्रेस नेता सतबीर डागर, बलजीत कौशिक विकास चौधरी, सुमित गौड़, नरेश गोदारा, मोहम्मद बिलाल, युवा जिलाध्यक्ष रिन्कू चंदीला, पं० राजेन्द्र शर्मा, सीमा जैन, राकेश भड़ाना, अनिल तेवतिया, बेदी प्रधान, मालवंती पांचाल, सरला भमौत्रा, लीलू पहलवान, राजू धारीवाल, गौरव विरमानी, सोहनलाल सैनी, आरआर शर्मा, पूनम सहित अनेकों कांग्रेसजन मौजूद थे।

vikas.2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *