नवीन गुप्ता
फरीदाबाद: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज औद्योगिक नगरी फरीदाबाद को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से जोडऩे वाली बदरपुर-मुजेसर तक लगभग 2500 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 13.875 किलोमीटर लम्बी मैट्रो रेल लाइन का उद्घाटन किया और मैट्रो को हरियाणा में आर्थिक प्रगति का नया प्रवेश द्वार बताया। इस अवसर पर आयोजित गति प्रगति रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने पिछले 10 महीनों में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकार द्वारा करवाये जा रहे विकास कार्यों की सराहना की और कहा कि मुख्यमंत्री मनोहरलाल के ये प्रयास हरियाणा को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत से बल्लभगढ़ तक ले जाया जाएगा।इससे पूर्व श्री मोदी दिल्ली के जनपथ से फरीदाबाद के बाटा चौक तक मैट्रो से यात्रा कर फरीदाबाद पहुंचे, जहां बाटा चौक मैट्रो स्टेशन पर हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, मुख्यमंत्री मनोहर लाल, केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री एन.वेंकेया नायडू, केन्द्रीय ग्रामीण विकास बीरेन्द्र सिंह, केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह तथा केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्णपाल गुज्जर ने प्रधानमंत्री श्री मोदी का स्वागत किया। बाद में श्री मोदी सेक्टर-12 स्थित रैली स्थल पहुंचे और रिमोट का बटन दबाकर ‘बदरपुर-मुजेसरÓ रेलवे लाइन का लोकार्पण किया।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक दृष्टि से किसी समय एशिया में नौंवा स्थान रखने वाले औद्योगिक शहर फरीदाबाद को यह मैट्रो परियोजना विकास के रास्ते पर और आगे ले जाएगी। इससे न केवल इस शहर का बल्कि पूरे हरियाणा राज्य के आर्थिक विकास के नये युग की शुरूआत होगी। उन्होंने कहा कि मैट्रो केवल आवाजाही का साधन ही नहीं बनेगी बल्कि पर्यटन को बढ़ावा देगी, जिससे आर्थिक विकास भी होगा। श्री मोदी ने बताया कि नई मैट्रो लाइन के सभी नौ स्टेशन पूरी तरह से पर्यावरण मैत्री है तथा इन पर सौर ऊर्जा उपकरण लगाये गए हैं, जिनसे लगभग दो मेगावॉट ऊर्जा का उत्पादन होगा। इस ऊर्जा का उपयोग मैट्रो के लिए किया जायेगा। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौती से जूझ रहे पूरे विश्व को देश की छोटी से मैट्रो परियोजना ने पर्यावरण मैत्री एवं वैकल्पिक ऊर्जा का संदेश देने की पहल की है।
प्रधानमंत्री ने हरियाणा को पीर-संतों, किसान और वीर सैनिकों की धरती बताया। फरीदाबाद से अपने पुराने दिनों की याद ताजा करते हुए उन्होंने कहा कि एक जमाने में वे फरीदाबाद स्कूटर पर आया करते थे। फरीदाबाद को उन्होंने लघु भारत की संज्ञा देते हुए कहा कि यहां देश के सभी राज्यों के लोग बसते है। उन्होंने हरियाणा को अपना दूसरा घर बताया। उन्होंने कहा कि गुजरात छोडऩे के बाद हरियाणा में कुछ वर्षों तक काम किया, इसी कारण वे यहां की गलियों और गांवों को बेहतर ढंग से जानते हैं। हरियाणा वासियों से मिले प्यार के लिए धन्यवाद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वे इस प्यार के बदले प्रदेशवासियों को विकास का तोहफा देंगे।
स्मार्ट सिटी के रूप में चयनित फरीदाबाद शहर के संदर्भ में श्री मोदी ने कहा कि स्मार्ट सिटी के रूप में फरीदाबाद का चयन केवल एंट्री मात्र है। इस दिशा में शहर के लोगों को भी स्मार्ट सिटी के रूप में निर्धारित नियम एवं मानदंडों को पूरा करने के लिए अपना सहयोग देना होगा और आगामी मुकाबले में बने रहने के लिए सभी को मिलकर सहयोग करना होगा।
मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए श्री मोदी ने कहा कि वे कड़ा परिश्रम करने वाले व्यक्ति है। इस बात का उदाहरण है कि कभी भ्रूण हत्या को लेकर जाना जाने वाला हरियाणा आज पूरे देश को ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओÓ का संदेश दे रहा है और इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आएं हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है। देश का विकास विवादों से नहीं अपितु संवाद से होगा। सभी समस्याओं की जड़ी-बूटी विकास ही है, जिससे नौजवानों को रोजगार, किसानों को फसलों के अच्छे दाम, ग्रामीणों को आरोग्य व उनके बच्चों की अच्छी शिक्षा तथा सभी बेघरों को रहने के लिए घर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह अच्छा होता कि पिछले 60 वर्षांे में ये सभी विकास कार्य पूरे हो जाते लेकिन दुर्भाग्य है कि अभी भी बहुत सारे काम अधूरे हैं। उन्होंने कहा कि इस स्थिति में भी आलोचना की बजाए ऐसे उपाए खोजने होंगे कि देश विकास के रास्ते पर जा सके। उन्होंने केन्द्र सरकार के 15 महीने के कार्यकाल पर संतुष्टि प्रकट करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा चलाई गई नीतियों के अब सकारात्मक परिणाम दिखने लगे हैं। यही वजह है कि हाल ही में आई आर्थिक मंदी से पूरा विश्व हिल गया और यदि कोई देश टिका रहा तो वह हिन्दुस्तान ही है, जिसे बड़े-बड़े अर्थशास्त्रियों ने भी माना है। उन्होंने कहा कि हमें सिर्फ टिके ही नहीं रहना है बल्कि विकास के पथ पर आगे बढ़ते जाना है।
देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ तक सभी को घर मुहैया करवाने के लक्ष्य के अपने संकल्प को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि सभी को घर मुहैया करवाने के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सरकार को बहुत सारे घर बनाने होंगे, जिनकी संख्या दुनिया के कई देशों की कुल आबादी से भी ज्यादा होगी। ऐसे घर सिर्फ घर नहीं होंगे, बल्कि इन घरों में जल, बिजली, सड़क तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं भी होंगी। भले ही यह काम काफी कठिन है लेकिन उनकी सरकार वर्ष 2022 तक इसे पूरा करने का हर सम्भव प्रयास करेगी।
गति प्रगति रैली को संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि मैट्रो का विस्तार हरियाणा में निवेश के नये रास्ते खोलेगा और इससे प्रदेश का चंहुमुखी विकास होगा। इस मैट्रो लाइन के शुरू होने से प्रतिदिन दो लाख लोगों को मैट्रो सुविधा का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली मैट्रो का विस्तार बल्लभगढ़, बहादुरगढ़ तथा कुंडली तक किया जायेगा। वर्तमान में हरियाणा में 26 किलोमीटर की मैट्रो लाइन का परिचालन हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सन् 1607 ईसवी में बाबा फरीद द्वारा बसाया गया फरीदाबाद एक औद्योगिक क्षेत्र में तो उभरा लेकिन यहां उम्मीदों के अनुरूप प्रगति नही हुई। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के लिए चुने जाने के बाद फरीदाबाद में रूके हुए विकास कार्यो को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार ने हरियाणा को 924 किलोमीटर के नौ राजमार्ग को स्वीकृत किए है। इसके अलावा, 1074 करोड़ रुपये की तीन नई रेल परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि विगत सरकार के समय से अधर में पड़े कुण्डली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे के कार्य को वर्तमान हरियाणा सरकार ने आरंभ करवाया है और यह कार्य आगामी ढाई वर्षों में पूरा कर लिया जायेगा। इससे हरियाणा में उद्योगों को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हाल ही में अपनी उद्यम नीति 2015 घोषित की है, जिसका फोकस पिछड़े क्षेत्रों में उद्योग स्थापित कर वहां विकास करना है। हाल ही में हरियाणा सरकार के प्रतिनिधिमंडल द्वारा अमेरिका-कनाडा में किए गये दौरे का जिक्र करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि वहां के उद्योगपतियों ने हरियाणा में निवेश की इच्छा जाहिर की है। इसी कड़ी में अगले साल जनवरी माह में हरियाणा में एक इनवेस्टमेंट समिट आयोजित की जायेगी। सरकार का लक्ष्य है कि आगामी कुछ वर्षों में प्रदेश में एक लाख करोड़ रुपये का निवेश हो और इससे 4 लाख युवाओं को रोजगार मिले। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया की तर्ज पर प्रदेश में डिजिटल हरियाणा कार्यक्रम आरंभ किया गया है ताकि सभी जनसेवाओं का लाभ निचले स्तर तक पहुंचे।
सामाजिक अधिकारिता एवं न्याय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित सभी नेताओं का रैली में पहुंचने के लिए धन्यवाद किया।
समारोह में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री बीरेन्द्र सिंह, केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री बाबूल सुप्रियो, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष कंवर पाल, उपाध्यक्ष श्रीमति संतोष यादव, हरियाणा मंत्रीमंडल के सभी मंत्री, भाजपा के हरियाणा से सभी सांसद व विधायक, हरियाणा के मुख्य सचिव डीएस ढ़ेसी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजीव कौशल, विशेष प्रधान सचिव आरके खुल्लर, मीडिया सलाहकार अमित आर्य, राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा, ओएसडी जवाहर यादव, राजकुमार भारद्वाज के अलावा हरियाणा सरकार के वरिष्ठ अधिकारी व दिल्ली मैट्रो रेल परियोजना के प्रबंधक निदेशक श्री मंगु सिंह व अन्य अधिकारी व बड़ी संख्या में रैली में कोने-कोने से आए लोग उपस्थित थे।GSM_0122 GSM_0136 GSM_0152 GSM_0162 IMG-20150906-WA0008 IMG-20150906-WA0009 IMG-20150906-WA0010 IMG-20150906-WA0011 IMG-20150906-WA0012 IMG-20150906-WA0020 IMG-20150906-WA0036 IMG-20150906-WA0042 IMG-20150906-WA0057 IMG-20150906-WA0058 IMG-20150906-WA0059 IMG-20150906-WA0060 IMG-20150906-WA0073 IMG-20150906-WA0076 IMG-20150906-WA0079 IMG-20150906-WA0081 IMG-20150906-WA0083 IMG-20150906-WA0084 IMG-20150906-WA0085 IMG-20150906-WA0086 IMG-20150906-WA0087 IMG-20150906-WA0088 IMG-20150906-WA0089 (1) IMG-20150906-WA0090 IMG-20150906-WA0091 IMG-20150906-WA0093 4 DSC_0550 DSC_3247 DSC_3312 DSC_3315 DSC_3331 DSC_3337 DSC_3338 DSC_3345 GSM_0047 GSM_0048 GSM_0091 GSM_0097 GSM_0107 GSM_0111 GSM_0115

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *